बलिया, 24 जुलाई।
बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र स्थित उदहां गांव में गुरुवार रात पूर्व प्रधान की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उदहां गांव निवासी 70 वर्षीय रामव्यास वर्मा रोज की तरह गुरुवार रात भोजन करने के बाद घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने गए थे। शुक्रवार सुबह जब परिजन वहां पहुंचे तो उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों का अनुमान है कि उन पर ईंट या लोहे की रॉड से हमला किया गया होगा। जिस तख्त पर वह सो रहे थे, उसके आसपास खून फैला हुआ मिला।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी बांसडीह जय शंकर मिश्र ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।















