नई दिल्ली, 24 जुलाई।
जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी के प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों को लेकर दिल्ली पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस के अनुसार अब तक 480 पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की गई है, जो मौजूदा स्थिति का फायदा उठाकर भ्रामक सूचनाएं, एडिटेड वीडियो और फर्जी पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं। इन हैंडल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह सामने आया है कि यही सोशल मीडिया हैंडल पहले ऑपरेशन सिंदूर के समय भी सक्रिय थे। इनका उद्देश्य लोगों, विशेष रूप से छात्रों को गुमराह करना, उनकी भावनाएं भड़काना और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना बताया गया है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी एडिटेड वीडियो, फर्जी पोस्ट या अनजान सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई जानकारी पर तुरंत विश्वास न करें। किसी भी संदेश या वीडियो को आगे भेजने से पहले उसका फैक्ट चेक अवश्य करें। पुलिस का कहना है कि बिना पुष्टि के अफवाहें फैलाना या साझा करना हालात को और गंभीर बना सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और दिल्ली पुलिस इसका सम्मान करती है। साथ ही लोगों से किसी भी असामाजिक तत्व के बहकावे में नहीं आने और अपनी भावनाओं का दुरुपयोग नहीं होने देने की अपील की गई है। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से केवल आधिकारिक और प्रमाणित सूचनाओं पर भरोसा करने का आग्रह किया है।














