नई दिल्ली, 25 जुलाई।
देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने इस पर्व को आस्था, सेवा और लोककल्याण की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि यह पवित्र दिवस भक्ति और करुणा के शाश्वत संदेश का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि भगवान विट्ठल का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौहार्द लेकर आए तथा समाज के बेहतर निर्माण के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि सभी को निस्वार्थ सेवा और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति मिले।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि यह पर्व आस्था, तप, संयम और भक्ति के माध्यम से आत्मचिंतन, सेवा और सत्कर्म की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री हरि विष्णु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार हो तथा चातुर्मास सभी के लिए मंगलमय और कल्याणकारी बने।
अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि भगवान विट्ठल और माता रखुमाई सभी के जीवन को खुशियों, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा से परिपूर्ण करें।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवान श्री हरि विष्णु का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण लेकर आए तथा सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी देवशयनी आषाढ़ी एकादशी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विट्ठल की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्राप्त हो।













