नई दिल्ली, 27 जुलाई।
एमवी ओमोरफी पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद भारत ने यूक्रेन के राजदूत डॉ. ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को सोमवार को विदेश मंत्रालय तलब कर इस घटना पर गहरी चिंता जताई। साथ ही वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस मामले में यूक्रेनी राजदूत को मंत्रालय बुलाकर भारत का पक्ष स्पष्ट किया गया। भारत ने कहा कि वाणिज्यिक पोतों पर हमले समुद्री नौवहन की सुरक्षा, नौवहन की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं।
मंत्रालय ने यूक्रेनी राजदूत से भारत की गंभीर चिंताओं से अपनी सरकार को अवगत कराने का आग्रह किया। भारत ने दोहराया कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने और निर्दोष नाविकों के जीवन को खतरे में डालने वाली ऐसी घटनाएं पूरी तरह अस्वीकार्य हैं।
भारत ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और वाणिज्यिक नौवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
















