भोपाल, 28 जुलाई।
भोपाल के नीलबड़ रोड स्थित एचपीसीएल पेट्रोल पंप पर देर रात कुछ बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना मंगलवार रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। हमले में दो कर्मचारियों को चोटें आई हैं।
पेट्रोल पंप प्रबंधन के अनुसार, आई-20 कार (एमपी18 सीए 6444) से आए बदमाश लूट की नीयत से पहुंचे थे। विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पेट्रोल पंप मैनेजर ने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। प्रबंधन का आरोप है कि उन्हें पुलिस की ओर से सुबह आने की बात कही गई। इस प्रतिक्रिया को लेकर पेट्रोल पंप प्रबंधन ने नाराजगी भी जताई है।
पेट्रोल पंप संचालकों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपने की बात कही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















