क्वेटा, 31 जुलाई।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में राजधानी क्वेटा के नजदीक हथियारबंद हमलावरों ने फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) की दो चौकियों को निशाना बनाया। हमले में कम से कम 13 पाकिस्तानी जवानों की मौत होने का दावा किया गया है, जबकि कई अन्य के घायल होने की खबर है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बड़ी संख्या में हथियारबंद लड़ाकों ने ज़ारघून घर क्षेत्र के वली थंगी और क्वेटा के बाहरी इलाके स्पिन कारेज स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स की चौकियों पर एक साथ हमला किया। हमले के दौरान दोनों स्थानों पर काफी देर तक गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने चौकियों पर कब्जा कर हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य सामान अपने साथ ले गए। इसके बाद चौकियों को आग के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि हमले में 13 जवान मारे गए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए हताहतों की संख्या इससे कम बताई है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में नायब सूबेदार अव्वल खान, नायक नूर बख्श, सिपाही समीउल्लाह और सिपाही रफीक शामिल हैं। वहीं तीन जवानों के लापता होने की भी जानकारी दी गई है।
हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि बलूचिस्तान क्षेत्र में सक्रिय बलूच हथियारबंद संगठन पहले भी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहे हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इससे पहले वली थंगी और आसपास के क्षेत्रों में हुए कुछ हमलों की जिम्मेदारी ली थी।
पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

















