देहरादून, 31 जुलाई।
कांवड़ मेला-2026 में श्रद्धालुओं की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने पहली बार प्रशिक्षित साइबर कमांडो की विशेष तैनाती की है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये साइबर कमांडो साइबर स्पेस, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में शुरू की गई यह व्यवस्था आगामी महाकुंभ-2027 की साइबर सुरक्षा तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस मुख्यालय स्थित पटेल भवन में शुक्रवार को तैनात साइबर कमांडो की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।
हरिद्वार में तैनात साइबर कमांडो चार प्रमुख इकाइयों के माध्यम से कार्य करेंगे। इनमें साइबर सिक्योरिटी यूनिट, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग यूनिट, साइबर इंटेलिजेंस यूनिट और इंसिडेंट रिस्पांस यूनिट शामिल हैं। ये सभी इकाइयां रियल टाइम आधार पर डिजिटल गतिविधियों की निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।
उत्तराखंड पुलिस के अनुसार, देशभर से प्रशिक्षित 31 साइबर कमांडो और राज्य के चार साइबर कमांडो हरिद्वार कंट्रोल रूम, कांवड़ सेल पटेल भवन और आईटीडीए में तैनात रहेंगे। यह पहला अवसर है जब किसी बड़े धार्मिक आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था में विशेष रूप से प्रशिक्षित साइबर कमांडो को शामिल किया गया है।
साइबर कमांडो सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की पहचान करेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधों जैसे फर्जी होटल और यात्रा बुकिंग, यूपीआई एवं क्यूआर कोड धोखाधड़ी, फिशिंग और ऑनलाइन ठगी पर भी नजर रखी जाएगी।
साइबर हेल्पलाइन-1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल से मिलने वाली शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण कर संबंधित इकाइयों को त्वरित सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस साइबर माध्यम से कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
अधिकारियों ने साइबर कमांडो को आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग, साइबर इंटेलिजेंस विश्लेषण और रियल टाइम सूचना साझा करने की प्रक्रिया को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेला-2026 में शुरू की गई यह साइबर सुरक्षा व्यवस्था भविष्य में महाकुंभ-2027 सहित देश के बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए तकनीक आधारित सुरक्षा मॉडल तैयार करने में मददगार साबित होगी।

















