काठमांडू, 31 जुलाई।
पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर्वत पर हुए भीषण हिमस्खलन के बाद लापता नेपाली पर्वतारोहियों की तलाश जारी है। इस बीच बरामद किए गए चार शवों में से एक की पहचान नेपाली पर्वतारोही पुर बहादुर गुरुंग के रूप में हुई है। नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह पाकिस्तान सरकार और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस्लामाबाद स्थित नेपाली दूतावास प्रभावित पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों और अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के साथ समन्वय कर रहा है। मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने खोज और बचाव अभियान में सभी उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल का भरोसा दिया है।
ब्रॉड पीक अभियान प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुरजा के नेतृत्व में चल रहा था। अभियान दल में नेपाल के पुर बहादुर गुरुंग, किली पेम्बा शेरपा, नीमा शेरपा, नवांग थिंडू शेरपा और ग्यालु शेरपा शामिल थे। इसके अलावा ओमान, पाकिस्तान, चीन और अमेरिका के पर्वतारोही भी दल का हिस्सा थे।
अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के अनुसार, हिमस्खलन स्थल से अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें ओमान की पर्वतारोही नधीरा अहमद अब्दुल्ला अल हार्थी और नेपाली पर्वतारोही पुर बहादुर गुरुंग की पहचान हुई है। वहीं प्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुरजा और पाकिस्तानी पर्वतारोही सोहेल सखी समेत अन्य लापता सदस्यों के लिए तलाश अभियान जारी है।
बचाव कार्य में सेना के दो हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, कठिन मौसम और ऊंचाई के कारण अभियान में चुनौतियां आ रही हैं।
निर्मल पुरजा दुनिया के सबसे चर्चित पर्वतारोहियों में शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में केवल छह महीने और छह दिनों में दुनिया की सभी 14 आठ हजार मीटर से ऊंची चोटियों पर चढ़ने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

















