मुंबई, 31 जुलाई।
निर्देशक अमित राय की आगामी फिल्म 'ओह माय डॉग' रिलीज से पहले ही दर्शकों तक पहुंचने की खास रणनीति अपना रही है। 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म के निर्माताओं ने प्रचार के पारंपरिक तरीकों से अलग देशभर में विशेष स्क्रीनिंग शुरू की है।
फिल्म की शुरुआती स्क्रीनिंग इंदौर, दिल्ली, पुणे, लखनऊ और कोलकाता में आयोजित की गई। आने वाले दिनों में पटना, अहमदाबाद, गुवाहाटी, बेंगलुरु, हैदराबाद, चंडीगढ़ और मुंबई में भी स्क्रीनिंग आयोजित की जाएगी। यह अभियान 4 अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है।
निर्माताओं का उद्देश्य फिल्म को रिलीज से पहले दर्शकों तक पहुंचाना और उनकी प्रतिक्रिया के माध्यम से माउथ पब्लिसिटी को बढ़ावा देना है। उनका मानना है कि दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया किसी भी फिल्म के लिए सबसे प्रभावी प्रचार माध्यम बन सकती है।
शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद दर्शकों से फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिलने का दावा किया गया है। दर्शकों ने फिल्म की भावनात्मक कहानी, पारिवारिक जुड़ाव और करुणा के संदेश की सराहना की है।
निर्देशक अमित राय ने कहा कि कुछ फिल्मों की पहचान उन्हें देखने वाले दर्शकों से बनती है। उन्होंने कहा कि 'ओह माय डॉग' ईमानदारी और भावनाओं के साथ बनाई गई फिल्म है और वह चाहते हैं कि दर्शक पहले इसे देखें तथा अपनी प्रतिक्रिया के माध्यम से इसकी कहानी आगे पहुंचाएं।
फिल्म का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने बाबूलाल बिस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ और विजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में डॉग स्टार ऑस्कर और ब्रूनो भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में 250 से अधिक कुत्तों को शामिल किया गया है।

















