नोएडा, 1 अगस्त।
राजधानी नई दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली नोएडा के सेक्टर 168 में रहने वाली एक किशोरी ने शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से माफी मांगी। उसने प्रधानमंत्री और देशवासियों से हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार की।
किशोरी ने वीडियो संदेश में बताया कि वह जंतर मंतर पर हुए धरना-प्रदर्शन में शामिल हुई थी। उसके अनुसार वहां मौजूद कई लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे। भावनाओं में बहकर उसने भी अनुचित शब्द कह दिए। उसने कहा कि ऐसा करना गलत था और उसे इसका पछतावा है। वीडियो में उसने कहा कि उसकी उम्र 15 वर्ष है और उससे बड़ी भूल हुई है।
इस घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बच्चों से गलतियां हो जाती हैं और उन्हें अदालतों के चक्कर लगवाने के बजाय सही मार्ग दिखाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उनके और अपनी मां के लिए अपशब्द कहने वालों को माफ करते हैं।
इस मामले में 29 जुलाई को गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह, पत्नी तेजेंद्र सिंह ने थाना एक्सप्रेसवे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि सेक्टर 168 स्थित लोटस जिंग सोसायटी में रहने वाली किशोरी ने 30 जुलाई को जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत मां के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची।
पुलिस ने इस प्रकरण में जीरो पर एफआईआर दर्ज कर विवेचना के लिए मामला दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है।














