मैसूर, 01 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कर्नाटक के मैसूर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र–विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
नारायण शास्त्री रोड स्थित ऐतिहासिक निरंजन मठ परिसर में बने इस स्मारक का निर्माण स्वामी विवेकानंद की वर्ष 1892 की मैसूर यात्रा की स्मृति में किया गया है। लगभग 81 हजार वर्ग फुट क्षेत्र में विकसित इस केंद्र का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों और भारतीय संस्कृति से लोगों को परिचित कराना है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 3:30 बजे रामकृष्ण आश्रम पहुंचेंगे। इसके बाद वे केआरएस रोड स्थित रामकृष्ण विद्या शाला के सभागार में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए पूरे मैसूर शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। उनके आवागमन मार्गों पर विशेष सुरक्षा तैनात की गई है। सुरक्षा कारणों से कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध और रूट परिवर्तन भी किया गया है। पुलिस ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
इस कार्यक्रम में रामकृष्ण आश्रम के मुक्तिदानंद जी महाराज, बेलूर मठ के गौतमानंद जी महाराज, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, सांसद यदुवीर वाडियार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और स्थानीय विधायक हरीश गौड़ा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।














