नई दिल्ली, 1 अगस्त।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई नेताओं ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देश के लिए गौरवपूर्ण बताया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा के रजत पदक, यश वीर सिंह के कांस्य पदक, डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर के कांस्य पदक और महिलाओं की 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में यामिनी मौर्य के रजत पदक ने पूरे देश को गर्व का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि यामिनी की उपलब्धि से भारत को जूडो में तीसरा पदक मिला है, जो इस खेल में देश की बढ़ती सफलता को दर्शाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के साहस, संकल्प और संघर्ष की सराहना की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह को पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने तेजस्विन शंकर को डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में इस स्पर्धा का पहला भारतीय पदक हासिल करने पर शुभकामनाएं दीं। साथ ही महिलाओं की 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ निश्चय का परिचय दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ी लगातार इतिहास रचते हुए देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीतने वाले तेजस्विन शंकर के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने दसों स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने जूडो में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य की लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनकी सफलता से अधिक युवा जूडो की ओर प्रेरित होंगे।
प्रधानमंत्री ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा की निरंतरता, संयम और दृढ़ संकल्प की भी सराहना की। उन्होंने कांस्य पदक विजेता यश वीर सिंह को भी बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यामिनी मौर्य, यश वीर सिंह और तेजस्विन शंकर को उनकी उपलब्धियों पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का समर्पण, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी भावना देश के लिए प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने डेकाथलॉन में भारत का पहला कॉमनवेल्थ पदक जीतने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















