सिलीगुड़ी, 1 अगस्त।
भारत-नेपाल सीमा से सटे खोरीबाड़ी के पानीटंकी क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खेप की अदला-बदली के लिए पहुंचे एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मालदा जिले के मोथाबाड़ी निवासी आजिजुर मियां के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात उत्तर रामधन जोत इलाके में कार्रवाई करते हुए आरोपित को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पैकेटों में रखी कुल 204 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपित को शनिवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि सीमा क्षेत्र में आरोपित यह मादक पदार्थ किस व्यक्ति को सौंपने पहुंचा था।














