कैलिफ़ोर्निया, 1 अगस्त।
अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मिरामार में शुक्रवार को एफ-35बी स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त होकर पूरी तरह नष्ट हो गया। हादसे से ठीक पहले पायलट सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलने में सफल रहा। इसके बाद विमान में भीषण आग लग गई।
दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे हुई। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाओं और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। अमेरिकी सेना ने इस घटना को "क्लास ए" श्रेणी का हादसा बताया है, जिसे सैन्य विमानों से जुड़े सबसे गंभीर हादसों में शामिल किया जाता है।
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान थर्ड मरीन एयरक्राफ्ट विंग के मरीन एयरक्राफ्ट ग्रुप-11 का हिस्सा था। एहतियात के तौर पर पायलट को स्थानीय मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई गई। अधिकारियों के अनुसार उसे कोई गंभीर या जानलेवा चोट नहीं आई है।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में रनवे के समीप विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा दिखाई दिया। हादसे के बाद उठे घने काले धुएं का गुबार दूर तक नजर आया। विमान गिरने से आसपास की झाड़ियों और वनस्पति में भी आग फैल गई, जिस पर काबू पाने के लिए सैन डिएगो फायर डिपार्टमेंट ने अभियान चलाया और फायर रिटार्डेंट का उपयोग किया। इस घटना में जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अमेरिकी सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
एफ-35बी पांचवीं पीढ़ी का अत्याधुनिक स्टील्थ फाइटर जेट है, जिसे कम दूरी से उड़ान भरने और सीधे ऊपर-नीचे उतरने की क्षमता के लिए जाना जाता है। इसका संचालन मुख्य रूप से अमेरिकी मरीन कॉर्प्स करती है। इस विमान की अनुमानित कीमत करीब 109 मिलियन डॉलर, यानी लगभग 900 करोड़ रुपये बताई जाती है।
गौरतलब है कि मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मिरामार कभी अमेरिकी नौसेना के प्रसिद्ध टॉप गन फाइटर पायलट स्कूल का प्रमुख केंद्र रहा है। इसे फाइटरटाउन यूएसए के नाम से भी जाना जाता था। वर्ष 1996 में यह बेस मरीन कॉर्प्स को सौंप दिया गया था।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब ठीक एक वर्ष पहले 30 जुलाई को कैलिफ़ोर्निया के नेवल एयर स्टेशन लेमूर के पास अमेरिकी नौसेना का एफ-35सी फाइटर जेट भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस घटना में भी पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया था और विमान खेत में गिरकर आग की चपेट में आ गया था।





















