नोएडा, 1 अगस्त।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने डिलीवरी के लिए भेजे गए सामान की कथित चोरी कर उसे बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 70.63 लाख रुपये मूल्य का विभिन्न प्रकार का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार एक लॉजिस्टिक कंपनी के अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी के माध्यम से अमेजॉन और फ्लिपकार्ट के डिलीवरी पार्सल भेजे जाते थे। आरोप है कि मुख्य आरोपित वासिद खान और उसके साथ जुड़े डिलीवरी बॉय अमानत में मिले सामान का गबन कर उसे अन्य लोगों को बेच देते थे।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वासिद खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और रघुराज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान विभिन्न बोरों में रखा हुआ बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान की अनुमानित कीमत 70 लाख 63 हजार 564 रुपये है। इसमें कपड़े, जूते, ईयरबड्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।





















