अहमदाबाद, 01 अगस्त।
गुजरात में सक्रिय वर्षा प्रणाली के प्रभाव के चलते मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों के लिए भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए अहमदाबाद समेत 16 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, वहीं राज्य के बाकी सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात, कच्छ और उत्तर सौराष्ट्र के क्षेत्रों में तेज हवाओं, बिजली की चमक और मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। रेड अलर्ट वाले जिलों में कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर, मोरबी, सुरेंद्रनगर, अहमदाबाद, पाटन, मेहसाणा, गांधीनगर, साबरकांठा, अरावली, महीसागर, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद और भावनगर शामिल हैं।
राजकोट, जूनागढ़, पोरबंदर, गिर सोमनाथ, अमरेली, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड सहित राज्य के अन्य सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
नाउकास्ट बुलेटिन जारी होने के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों को पूरी तरह सतर्क रहने तथा आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी कारण बाहर नहीं निकलने, बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। तेज हवा, आकाशीय बिजली और जलभराव की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।





















