नई दिल्ली, 01 अगस्त।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सात अगस्त को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होने वाले 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह का शुभारंभ करेंगी। इस राष्ट्रीय आयोजन का उद्देश्य भारत की समृद्ध हथकरघा विरासत को सम्मान देना और बुनकर समुदाय के योगदान को रेखांकित करना है।
केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के अनुसार, समारोह के दौरान भारत की विविध हथकरघा परंपराओं को समर्पित चार विशेष डाक टिकट जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही "अर्थ, रूट, थ्रेड- ऑल डाइड हैंडलूम टेक्सटाइल ऑफ सेंट्रल इंडिया" और "हैंडलूम अवार्ड बुक 2025" नामक दो पुस्तकों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम में वर्ष 2025 के लिए उत्कृष्ट कारीगरी और नवाचार के क्षेत्र में कुल 22 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें तीन संत कबीर हथकरघा पुरस्कार और 19 राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार शामिल हैं। आगंतुकों के लिए पुरस्कार प्राप्त हथकरघा उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
समारोह के दौरान पारंपरिक कानी बुनाई और वॉल हैंगिंग बुनाई का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, कपड़ा राज्यमंत्री पवित्र मार्गेरिटा, कपड़ा सचिव नीलम शमी राव, विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना सहित कई अधिकारी, प्रतिष्ठित हस्तियां और देशभर से आए बुनकर मौजूद रहेंगे।





















