काठमांडू, 01 अगस्त।
नेपाल के धनुषा और सिरहा जिलों के कई क्षेत्रों में कर्फ्यू प्रभावी बना हुआ है। हालांकि, जिला प्रशासन ने लोगों को आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी के लिए सुबह पांच बजे से सुबह 10 बजे तक घरों से बाहर निकलने की अनुमति दी है।
दोनों जिलों के जिला प्रशासन कार्यालयों के अनुसार, कर्फ्यू लागू रहने के दौरान सभी आवश्यक सेवाओं का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। इसमें अस्पताल, औषधि दुकानें, हवाई सेवाएं, रसोई गैस की आपूर्ति, पेट्रोलियम पदार्थों का परिवहन और बिक्री, एम्बुलेंस, दमकल, शव वाहन, पेयजल तथा दूध की आपूर्ति शामिल है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कर्फ्यू के दौरान स्वास्थ्यकर्मी, सरकारी कर्मचारी, पत्रकार, नेपाल रेडक्रॉस के कर्मचारी, तीर्थयात्री, मरीज और हवाई अड्डे की यात्रा करने वाले यात्री आवागमन कर सकेंगे। इसके लिए संबंधित विभाग द्वारा जारी वैध परिचय पत्र अथवा हवाई टिकट दिखाना अनिवार्य होगा।














