भोपाल, 1 अगस्त।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार के दिन जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर के रहवासियों को हरियाली, साफ-सफाई और विकास कार्यों की बेशकीमती सौगातें सौंपेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी एम.एस. उइके ने ब्योरा साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डुमना नेचर पार्क में 'कैच द रेन' मुहिम के तहत ग्यारह लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ करेंगे, जिसके अंतर्गत उमरिया, डुमना और कठौंदा में मियावाकी तकनीक से पांच लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उमरिया में पांच एकड़ के पौधे पहचान पार्क, डुमना में नवग्रह वाटिका और जल संरक्षण के वास्ते सोकपिट्स बनाने के कार्य का भी श्रीगणेश करेंगे।
विभागीय जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री घंटाघर के पास स्थित गीता भवन में आयोजित समारोह के दौरान तीन सौ बासठ करोड़ से अधिक की लागत से पूर्ण हुई अमृत सीवेज परियोजना तथा तीन बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स का लोकार्पण करेंगे, जिससे नवासी हजार परिवारों को लाभ पहुंचेगा। इस क्रम में वे सिविल लाइन में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडर्न लॉन्ड्री की भेंट देंगे। वहीं गुरंदी में मछली बाजार का लोकार्पण होगा जहां पचपन व्यापारियों को आधुनिक दुकानों का आबंटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के पांच सौ हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड भी वितरित करेंगे। इसके अतिरिक्त वे तिलवारा में बने नए थाने और पुलिस आवासों का उद्घाटन भी करेंगे।















