काठमांडू, 03 अगस्त।
नेपाल के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत पुष्पराज भट्टराई को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर तिब्बती शरणार्थियों के नाम पर कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से यात्रा दस्तावेज जारी करने का आरोप है।
नेपाल पुलिस के केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) ने उन्हें सिंहदरबार स्थित विदेश मंत्रालय के कार्यालय से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए तैयार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में उनके खिलाफ पिछले सोमवार को ही प्रकरण दर्ज किया गया था। अब सीआईबी उन्हें काठमांडू जिला अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2011 में तिब्बती शरणार्थियों के नाम पर कथित रूप से फर्जी व्यक्तियों के लिए यात्रा दस्तावेज जारी किए गए थे। इसी मामले में संयुक्त सचिव पुष्पराज भट्टराई के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
















