फुकेट, 04 अगस्त।
फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई-379 में मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक वायु अशांति की स्थिति बनने से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो चालक दल के सदस्यों सहित कुल 12 लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान विमान को भी मामूली नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
एयर इंडिया ने जारी बयान में कहा कि 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली संचालित उड़ान एआई-379 अपने निर्धारित मार्ग पर थी। इसी दौरान वायु अशांति के कारण विमान की ऊंचाई में कुछ क्षणों के लिए बदलाव दर्ज किया गया। इसके बाद विमान ने सुरक्षित रूप से दिल्ली में लैंडिंग की और सभी यात्री व चालक दल के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए।
विमान में उस समय 134 यात्री सवार थे। एयर इंडिया के अनुसार अब तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। मामूली चोट आने वाले कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे की चिकित्सा सुविधा में जांच और आवश्यक देखभाल के लिए भेजा गया है।
यात्रियों ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक कम होने से कई लोग अपनी सीटों से उछल गए। एक यात्री ने कहा कि अचानक झटका लगने पर उसका सिर विमान की छत से टकराया और वह नीचे गिर गया। कुछ यात्रियों को चोटें और सिर पर हल्की चोट आई है।
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और मामले की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।















