नेवार्क, 04 अगस्त।
अमेरिका के न्यू जर्सी प्रांत के नेवार्क में सोमवार रात डेलाने हॉल अप्रवासन हिरासत केंद्र के बाहर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में 41 वर्षीय एडविन लोपेज कोर्नेजो की मौत पर नाराजगी जताते हुए केंद्र को तत्काल बंद करने की मांग की। कोर्नेजो आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) की हिरासत में थे।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने पुष्टि की कि एडविन लोपेज कोर्नेजो की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हुई। विभाग के अनुसार, उनकी हालत खराब होने पर केंद्र के स्वास्थ्यकर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया और आपातकालीन चिकित्सा सेवा के लिए 911 पर संपर्क किया। मौत के कारण का आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
विभाग ने बताया कि एडविन लोपेज को वर्ष 2006 में अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर वापस भेज दिया गया था। बाद में वह दोबारा गैरकानूनी तरीके से अमेरिका पहुंचे। आईसीई ने उन्हें 18 जुलाई को न्यू जर्सी के प्लेनफील्ड से गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से अल साल्वाडोर के निवासी थे।
कोर्नेजो की मां मारिया ने कहा कि उनका बेटा एक छोटी बच्ची का पिता था और मेहनत करने वाला व्यक्ति था। उन्होंने बेटे की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस पीड़ा से कैसे उबरें।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष की शुरुआत में डेलाने हॉल के भीतर कथित अमानवीय परिस्थितियों को लेकर कई सप्ताह तक प्रदर्शन हुए थे। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी घटना पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि जांच में बाधा डाली जा रही है। उन्होंने केंद्र को बंद किए जाने की मांग का समर्थन किया। प्रदर्शनकारी भी डेलाने हॉल को तत्काल बंद करने की मांग कर रहे हैं। यह निजी अप्रवासन हिरासत केंद्र मई 2025 में दोबारा शुरू किया गया था और इसका संचालन द जीईओ के पास है।















