शिमला, 07 अगस्त।
शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की उम्र 15 वर्ष बताई गई है और वह 11वीं कक्षा में अध्ययनरत है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बड़ी बेटी ने अपनी मां को जानकारी दी थी कि कुमारसैन क्षेत्र के एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और यौन उत्पीड़न भी किया। शिकायत के अनुसार ऐसी घटना एक से अधिक बार हुई।
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।















