भोपाल, 07 अगस्त।
राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भोपाल के जवाहर चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज और खादी से बने वस्त्र खरीदे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खादी को स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि खादी केवल पहनावा नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने खादी को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाया था तथा आज भी यह भारतीय संस्कृति, स्थानीय कारीगरों और बुनकरों के सम्मान का प्रतीक बनी हुई है। उन्होंने मध्य प्रदेश की चंदेरी, महेश्वरी, नंदना प्रिंट और बाग प्रिंट जैसी हस्तकरघा परंपराओं को प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर बताया।
उन्होंने कहा कि 7 अगस्त भारतीय इतिहास में स्वदेशी आंदोलन की प्रेरणादायी तिथि है। वर्ष 1905 में इसी दिन कोलकाता से स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसकी स्मृति में देशभर में राष्ट्रीय हैंडलूम दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि देश के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 45 लाख बुनकर हैंडलूम उद्योग से जुड़े हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। कृषि के बाद हैंडलूम उद्योग देश में रोजगार का एक प्रमुख आधार है।
प्रदेश अध्यक्ष ने नागरिकों से अधिक से अधिक हैंडलूम और खादी से बने उत्पाद अपनाने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय बुनकरों और कारीगरों को रोजगार तथा आर्थिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी को बढ़ावा देने का संकल्प प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक भगवानदास सबनानी, सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















