मुंबई, 07 अगस्त।
प्रियंका चोपड़ा जल्द ही हॉलीवुड की एक और महत्वाकांक्षी फिल्म 'ब्लूफ्लाई' में नजर आएंगी। इस साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर में वह पहली बार ऑस्कर विजेता अभिनेता रसेल क्रो के साथ स्क्रीन साझा करेंगी। फिल्म का निर्देशन निमरॉड एंटल करेंगे, जो 'प्रेडेटर्स', 'वेकेंसी' और चर्चित सीरीज 'स्ट्रेंजर थिंग्स' के निर्देशन के लिए पहचाने जाते हैं। बड़े पैमाने पर बनाई जा रही इस फिल्म में एक्शन, रहस्य और रोमांच का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
जानकारी के अनुसार 'ब्लूफ्लाई' को आधिकारिक रूप से टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसकी कहानी संयुक्त राष्ट्र के एक परेशान अनुवादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे कांगो में एक बेहद गोपनीय मिशन पर भेजा जाता है।
फिल्म की कहानी में मुख्य किरदार को ऐसे रहस्यमयी विमान की तलाश का जिम्मा मिलता है, जिसके अस्तित्व को दुनिया की नजरों से छिपाकर रखा गया है। निर्माताओं ने इसे भावनात्मक और रहस्य से भरपूर साइंस-फिक्शन थ्रिलर के रूप में तैयार किया है। फिल्म का निर्माण छह निर्माताओं की टीम कर रही है, जबकि इसके वैश्विक वितरण की जिम्मेदारी हाइलैंड फिल्म ग्रुप के पास होगी।
हाइलैंड फिल्म ग्रुप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एरियन फ्रेजर ने प्रियंका चोपड़ा और रसेल क्रो की जोड़ी को फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बताया है। निर्देशक निमरॉड एंटल का कहना है कि 'ब्लूफ्लाई' में दर्शकों को मजबूत किरदारों के साथ तनाव, रहस्य और रोमांच से भरपूर कहानी देखने को मिलेगी।
यह फिल्म प्रियंका के हॉलीवुड करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इसके साथ ही वह एसएस राजामौली की पैन इंडिया फिल्म 'वाराणसी' के जरिए भारतीय सिनेमा में भी वापसी करेंगी। ऐसे में एक ओर हॉलीवुड की 'ब्लूफ्लाई' और दूसरी ओर भारतीय सिनेमा की 'वाराणसी' के साथ प्रियंका का दोहरा सिनेमाई सफर चर्चा का विषय बना हुआ है।















