जम्मू, 8 अगस्त।
खराब मौसम की आशंका और बारिश के बाद यात्रा मार्गों पर मरम्मत व रखरखाव कार्य को देखते हुए अमरनाथ यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर 9 अगस्त से तीर्थयात्रा बंद रहेगी। अब तक 4.8 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने बताया कि हाल में हुई बारिश के कारण यात्रा मार्गों के संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत सामने आई है। सीमा सड़क संगठन की ओर से इन हिस्सों में पुनर्बहाली का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में खराब मौसम की संभावना जताई है। इसे देखते हुए 9 अगस्त से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर यात्रा रोकने का फैसला लिया गया है।
वार्षिक तीर्थयात्रा 3 जुलाई को अनंतनाग जिले के चंदनवारी और गांदरबल जिले के बालटाल मार्ग से एक साथ शुरू हुई थी। यात्रा का समापन 28 अगस्त को पारंपरिक छड़ी मुबारक समारोह के साथ होना है।















