औरैया, 8 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा की एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार झांसी के निवासी पांच लोग एक कार में सवार होकर बरेली में आयोजित उर्स में शरीक होने के लिए जा रहे थे। अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर उनकी तेज रफ्तार गाड़ी खड़े वाहन से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर जा पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल रवाना किया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य यात्री की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा इस दुखद घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।















