ब्रेडी, 08 अगस्त।
अफगानिस्तान ने आयरलैंड को पांच मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 92 रन से हराकर वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालिफाई कर लिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान टूर्नामेंट में सीधे जगह बनाने वाली नौवीं टीम बन गई है। वहीं, दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उसके पास 30 सितंबर की कटऑफ से पहले केवल दो वनडे मुकाबले बाकी हैं।
ब्रेडी क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड के सामने 300 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में आयरलैंड की टीम 33.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। अफगानिस्तान की जीत के हीरो राशिद खान रहे, जिन्होंने 34 रन देकर छह विकेट लिए।
वर्ल्ड कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका ने रैंकिंग के आधार पर सीधे जगह बनाई है, जबकि दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण स्वत: प्रवेश मिला है। अफगानिस्तान नौवीं टीम है, जबकि एक डायरेक्ट स्थान अभी बाकी है।
वेस्टइंडीज की राह मुश्किल
आखिरी सीधे क्वालिफिकेशन स्थान के लिए बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दौड़ में हैं। वेस्टइंडीज फिलहाल वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। उसके बाकी दोनों मुकाबले सितंबर में भारत के खिलाफ होने हैं। दोनों मैच जीतने के बावजूद टीम के सीधे क्वालिफाई करने की स्थिति पूरी तरह उसके हाथ में नहीं होगी।
वहीं, सितंबर में भारत का बांग्लादेश दौरा नहीं होने की स्थिति में बांग्लादेश की सीधे क्वालिफाई करने की राह लगभग साफ हो सकती है। वेस्टइंडीज के लिए यह इसलिए भी अहम है क्योंकि वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाया था। अब टीम के सामने लगातार दूसरी बार मुख्य टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा है।
वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है।2027 विश्व कप में 14 टीमें खेलेंगी। मौजूदा क्वालिफिकेशन व्यवस्था के तहत 10 टीमों को सीधे प्रवेश मिलता है, जबकि बाकी चार टीमें क्वालिफायर के जरिए मुख्य टूर्नामेंट में पहुंचती हैं। इसी वजह से कुछ बड़ी टीमें भी क्वालिफायर की दौड़ में फंस सकती हैं।















