हरिद्वार, 8 अगस्त।
कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच नकली नोट खपाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के भेष में आए कुछ युवकों ने एक व्यापारी की दुकान पर खरीदारी के दौरान जाली नोट चलाने की कोशिश की। नोट देखकर व्यापारी को शक हुआ तो उसने उन्हें दबोच लिया, लेकिन मौके पर बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी हाथ छुड़ाकर फरार होने में कामयाब हो गए।
मामला हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत काली मंदिर के पास का है। दुकानदार द्वारा पकड़े जाने पर युवकों ने हंगामा कर दिया और वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी अफरा-तफरी का लाभ उठाकर ठग व्यापारी की पकड़ से निकल भागे और भीड़ में ओझल हो गए।
भागने के दौरान आरोपियों का छूटा हुआ सामान जब चेक किया गया तो उसमें करीब तीस हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। इन जाली नोटों में एक सौ, दो सौ और पांच सौ रुपये के करेंसी नोट शामिल हैं। इसके अलावा सामान से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट और अन्य दस्तावेज भी मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सारा सामान कब्जे में ले लिया।
पुलिस अब इन रेलवे टिकटों और दस्तावेजों के माध्यम से आरोपियों के हरिद्वार पहुंचने और भागने के रास्तों का पता लगा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों की शिनाख्त की जा सके। पुलिस इस बात की भी आशंका जता रही है कि मेले की भीड़ का लाभ उठाकर ये लोग आसानी से निकल भागे।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने जाली नोट बरामद कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। पहचान सुनिश्चित होने के बाद उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ मेले के दौरान इस तरह के अपराध पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले भी पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले गिरोहों का पर्दाफाश किया था। मेले की आड़ में इस तरह की वारदातों के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था और गंभीर हो गई है तथा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।















