कटिहार, 8 अगस्त।
कटिहार जिले में स्मैक का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी फैले इस नेटवर्क की चपेट में किशोर और युवा तेजी से आ रहे हैं। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने इस अवैध धंधे पर रोक लगाने के लिए जुलाई से अगस्त के बीच लगातार कार्रवाई करते हुए 880 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद की है और कई तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जुलाई और अगस्त में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने स्मैक की कई खेप पकड़ी हैं। नगर थाना क्षेत्र में 11 जुलाई को गाछी टोला के पास से 385.25 ग्राम स्मैक मिली थी, जो हाल की बड़ी बरामदगी में शामिल है। अमदाबाद थाना क्षेत्र के भोलमारी गांव में 9 जुलाई को हुई छापेमारी में 203 ग्राम स्मैक के साथ महिला तस्कर मस्कुरा बीबी पकड़ी गई। बारसोई में 25-26 जुलाई को 103.62 ग्राम स्मैक, 84,750 रुपये नकद और एक बाइक के साथ मो. सद्दाम को गिरफ्तार किया गया। पांच अगस्त को डीएस कॉलेज रोड के पास वाहन जांच में 100 ग्राम स्मैक, 11,810 रुपये नकद और एक बाइक के साथ मो. इम्तियाज व मो. रिजवान पकड़े गए। मनिहारी में 28 जुलाई को नया टोला में कार्रवाई कर 51.68 ग्राम स्मैक के साथ बुलबुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त बरारी, बलिया बेलौन और हसनगंज में भी कार्रवाई कर स्मैक, नकदी, मोबाइल और वाहन जब्त किए गए हैं। कई अन्य तस्करों और एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस की हाल की कार्रवाइयों से यह बात सामने आई है कि तस्करों ने अपने नेटवर्क में महिलाओं और नाबालिगों को भी शामिल करना शुरू कर दिया है। यह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार नशे की जरूरत पूरी करने के लिए युवा चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं में भी शामिल हो रहे हैं। स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के आसपास इस अवैध कारोबार का फैलना सबसे बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है। हालांकि इस सामाजिक बुराई को पूरी तरह रोकने के लिए पुलिस के साथ समाज और परिवार की भूमिका भी जरूरी है। अभिभावकों को बच्चों की संगति और दिनचर्या पर नजर रखनी चाहिए। कटिहार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे इस अवैध कारोबार पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।















