भोपाल, 10 अगस्त।
मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राज्य, जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और कार्यक्रमों की निर्धारित रूपरेखा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे से पहले शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। शौर्य स्मारक का कार्यक्रम लाल परेड ग्राउंड में सीधे प्रसारित किया जाएगा। समारोह में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, जेल गार्ड, होम गार्ड, एनसीसी और स्काउट गाइड की संयुक्त परेड होगी तथा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
जिला स्तर पर समारोह सुबह 9 बजे शुरू होंगे। विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री या कलेक्टर ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और परेड की सलामी लेंगे। मुख्यमंत्री का संदेश सुबह 9:25 से 9:55 बजे तक राज्य स्तरीय समारोह से सीधे प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री या कलेक्टर पांच मिनट का संक्षिप्त लिखित बधाई संदेश पढ़ेंगे।
जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे और सामूहिक राष्ट्रगान होगा। ब्लॉक मुख्यालय से अलग स्थित नगर पालिका और नगर परिषद में अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर सरपंच ध्वजारोहण करेंगे और राष्ट्रगान होगा। जिले के सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद और अन्य गणमान्य नागरिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में पिछले वर्ष की तरह सुबह 8 बजे या उससे पहले ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मौसम को ध्यान में रखते हुए स्कूल-कॉलेजों में सुबह प्रभातफेरी भी निकाली जाएगी।
शैक्षणिक संस्थानों में खेलकूद, कौशल प्रदर्शन, अंतरविद्यालय एवं अंतरमहाविद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, 15 अगस्त के महत्व पर विद्यार्थियों की वार्ता और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण, स्वच्छता अभियान तथा पुरस्कार, प्रमाण पत्र और पदक वितरण भी कार्यक्रमों में शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही वृक्षारोपण कराया जाएगा और इसके लिए वन विभाग से आवश्यक सहयोग लिया जाएगा।
स्कूल और कॉलेजों में जिला, संभाग तथा राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूह गान आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दौड़ भी होगी। समारोहों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर गाने बजाए जाने की स्थिति में देशभक्ति से प्रेरित गीतों के चयन के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केंद्रित किया जाएगा। 15 अगस्त को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों और विशेष रूप से मध्य प्रदेश के शहीदों से संबंधित संदेश प्रसारित करने की योजना बनाई जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। 14 और 15 अगस्त की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों और राष्ट्रीय महत्व की इमारतों को रोशन किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिवारों और प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर या उनके प्रतिनिधि घर जाकर शाल और श्रीफल से सम्मानित करेंगे।















