रांची, 10 अगस्त।
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के बीच सोमवार को भाजपा ने भी झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता झंडे लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। क्षेत्र में बैरिकेडिंग करने के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तक पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मौके पर तैनात पुलिस बल स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच भाजपा के प्रदर्शन से राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
विधानसभा घेराव और मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के चलते प्रशासन भी सतर्क है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।















