रियाद, 10 अगस्त।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद के खोरदाम इलाके में रविवार को सोफा बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने से कम से कम 16 बांग्लादेशी प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण एवं विदेशी रोजगार मंत्रालय ने सऊदी अरब के अग्निशमन विभाग के हवाले से हादसे की पुष्टि की है।
मृतकों में 10 लोग उत्तरी बांग्लादेश के नौगांव जिले के रहने वाले थे। अन्य मृतक नटोर और राजशाही जिलों के बताए गए हैं। नौगांव के उपजिला अधिकारियों के अनुसार, जिले से जान गंवाने वाले सभी 10 लोग अतराई उपजिला के निवासी थे। मृतकों की उम्र करीब 25 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है।
नटोर के नल्डांगा उपजिला के अधिकारियों ने भी तीन मृतकों की पहचान की है। इनमें सब्बीर हुसैन शुवो, शमीम हुसैन और रबिउल अव्वल हृदो शामिल हैं। तीनों खजुरा यूनियन के अलग-अलग गांवों के निवासी थे।
बताया गया कि फैक्टरी में आग रविवार को बांग्लादेश के समय के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे लगी। आग लगने की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी। हादसे के बाद सऊदी अधिकारियों ने राहत और बचाव अभियान चलाया।
प्रवासी कल्याण एवं विदेशी रोजगार मंत्री आरिफुल हक चौधरी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए सऊदी अरब गए बांग्लादेशी नागरिकों की इस तरह असमय मौत बेहद पीड़ादायक है।
मंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के शव बांग्लादेश लाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यक सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने को कहा गया है।
रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। वे मृतकों की पहचान और शवों को बांग्लादेश भेजने से जुड़ी औपचारिकताओं के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। बांग्लादेश का विदेश मंत्रालय भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है।
सऊदी अरब बांग्लादेश के प्रवासी मजदूरों के लिए प्रमुख रोजगार केंद्रों में शामिल है। बांग्लादेश के करीब 35 लाख नागरिक सऊदी अरब में रहते और काम करते हैं। इनमें बड़ी संख्या कम-कुशल और श्रम आधारित क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों की है।















