मुंबई, 10 अगस्त।
अमृता खानविलकर और उनके पति हिमांशु मल्होत्रा के वैवाहिक जीवन को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर तरह-तरह की खबरें चर्चित कर रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह जोड़ा पिछले काफी समय से अलग रह रहा है, जिससे उनके अलगाव की चर्चाएं गर्म हो गई थीं।
इन तमाम अटकलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अभिनेत्री की टीम ने एक सख्त बयान जारी किया है। टीम ने स्पष्ट किया है कि निजी जिंदगी से जुड़ी ऐसी निराधार बातें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बयान में आगे कहा गया है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं है कि कोई किसी की निजता का हनन करे। जो लोग इस तरह की आपत्तिजनक सामग्रियां साझा कर रहे हैं, उन्हें इसके गंभीर परिणामों के लिए तैयार रहना चाहिए।
दूसरी तरफ सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच ऐसा कोई आधिकारिक तलाक या अलगाव नहीं हुआ है। आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ यह दंपति आज भी पेशेवर और व्यक्तिगत कार्यों के सिलसिले में एक-दूसरे के संपर्क में बना हुआ है।















