मुरादाबाद, 11 अगस्त।
मुरादाबाद के बल्लेबाज गौरव पाल आगामी यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र में कानपुर सुपरस्टार्स की ओर से खेलते दिखाई देंगे। प्रतियोगिता का चौथा सत्र 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू होगा।
एमपीएस क्रिकेट एकेडमी मुरादाबाद के क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र की हिमगिरी कॉलोनी निवासी गौरव पाल को कानपुर सुपरस्टार्स ने अपनी टीम में जगह दी है। इस चयन के साथ गौरव को यूपी टी-20 लीग में खेलने का अवसर मिला है।
गौरव पाल लंबे समय से नेक्स्ट जेन क्रिकेट एकेडमी में कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी के निर्देशन में क्रिकेट का अभ्यास कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में लगातार आया सुधार और मैदान पर बनाए रखा अनुशासन उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है।
कोच मिर्जा दानिश आलम के अनुसार, गौरव के सफर में परिवार का सहयोग अहम रहा है। मुश्किल समय में परिवार के साथ आईपीएल खिलाड़ी मोहसिन खान ने भी उनका साथ दिया। अब गौरव यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र में कानपुर सुपरस्टार्स की टीम के साथ अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे।















