कठुआ, 11 अगस्त।
जिले में बीती रात से जारी मूसलधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कई जगह जलभराव, भूस्खलन और सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। रावी, उज्ज और मग्गर खड्ड समेत कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
कठुआ शहर भी भारी बारिश से प्रभावित हुआ है। निचले इलाकों में पानी भरने के साथ कई जगह बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया। शहर के वार्ड नंबर-4 में कैप्टन सुनील चौधरी चौक के पास एक मकान में पानी भरने के दौरान इनवर्टर बंद करने गए व्यक्ति की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की स्थिति है।
जिले के कंडी और पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कुछ मार्गों के बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हटली मोड़ के पास जलभराव के कारण कई वाहन फंस गए। निचले इलाकों में भी पानी भरने के साथ कुछ मार्गों को नुकसान पहुंचने की सूचना है।















