सांबा, 11 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सांबा पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए लंबी दूरी की गश्त और आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल आयोजित की। अभ्यास का उद्देश्य ऑपरेशनल तैयारी का आकलन करना, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा किसी भी आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
लंबी दूरी की गश्त एसओजी सांबा की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जतवाल से लाला चक्क तक की गई। इस गश्त का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सांबा ने किया। अभ्यास के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
गश्त पूरी होने के बाद सीमा क्षेत्र में स्थित बॉर्डर पुलिस पोस्ट लाला चक्क में आतंकवाद-रोधी मॉक ड्रिल कराई गई। इसका उद्देश्य आतंकवाद से जुड़ी किसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैनात जवानों की तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमता को जांचना था।
अभ्यास के दौरान दो नकली आतंकवादियों के एक स्थान पर हमला करने जैसी स्थिति तैयार की गई। खतरे की सूचना मिलते ही एसओजी के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और दोनों नकली आतंकवादियों को सफलतापूर्वक मार गिराने का अभ्यास किया।
इस पूरी कवायद के जरिए एसओजी सांबा और बीपीपी लाला चक्क के जवानों की प्रतिक्रिया प्रणाली, आपसी तालमेल और रणनीतिक तैयारी को परखा गया। साथ ही आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने और संभावित आतंकवादी खतरे से निपटने की उनकी क्षमता का भी आकलन किया गया।















