कठुआ, 11 अगस्त।
लगातार हो रही बारिश और अचानक बाढ़ की आशंका के बीच जिला प्रशासन कठुआ ने लोगों के लिए फ्लैश फ्लड एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने नागरिकों को नदी-नालों, खड्डों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने तथा तेज बहाव वाले पानी को पार करने की कोशिश नहीं करने की सलाह दी है।
प्रशासन ने निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। लोगों से सतर्क रहने तथा बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों को किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन का कहना है कि मौसम खराब रहने के दौरान नदी, नालों और जलस्रोतों के आसपास जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए नागरिक सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें।
किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के फोन नंबर 01922-238796 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा आपातकालीन सेवा के लिए 112 नंबर उपलब्ध है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षित रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।















