मॉन्ट्रियल, 12 अगस्त।
डिफेंडिंग चैंपियन बेन शेल्टन ने अपना उम्दा प्रदर्शन बरकरार रखते हुए कनाडा ओपन टेनिस टूर्नामेंट यानी मॉन्ट्रियल ओपन के सेमीफाइनल में अपनी पक्की जगह बना ली है। शेल्टन ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य के खिलाड़ी याकुब मेन्सिक को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 के एकतरफा अंतर से करारी शिकस्त दी।
तेईस वर्षीय शेलटन ने इस वर्ष के कनाडाई एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है और सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने अपने चारों मुकाबलों में अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है।
मेन्सिक के विरुद्ध खेले गए मैच में शेलटन ने कुल 18 विनर्स दागे और पूरे मुकाबले के दौरान केवल तीन ही अनफोर्स्ड एरर किए। उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 89 प्रतिशत अंक हासिल किए। इस पूरे खेल के दौरान उन्हें एक भी ब्रेक प्वाइंट का सामना करने की नौबत नहीं आई।
मैच के दौरान शेलटन ने अपनी रफ्तार का जलवा दिखाते हुए 147 मील प्रति घंटे की तेज गति से सर्विस भी करके दिखाई।
इस शानदार जीत के बाद शेलटन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अनुभव बेहद अल्लादित करने वाला था। मैं अपने रिटर्न गेम के प्रदर्शन से बेहद संतुष्ट हूं। बेसलाइन से मैंने जिस तरह पहले ही अंक से आक्रामक खेल दिखाया, मैं ठीक इसी स्तर का प्रदर्शन मैदान पर उतारना चाहता था। पूरे मैच के दौरान मैं अपने खेल के जिस स्तर को बनाए रखने में कामयाब रहा, उससे मैं काफी खुश हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि सेमीफाइनल के अगले चरण में भी मैं अपने इस शानदार प्रदर्शन का सिलसिला आगे जारी रख पाऊंगा।
लर्नर टीएन से होगी भिड़ंत:
मॉन्ट्रियल टूर्नामेंट के इस दौर में बचे हुए इकलौते शीर्ष-10 वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शेलटन का सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिका के ही 12वीं वरीयता प्राप्त लर्नर टीएन से कड़ा मुकाबला होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक कुल दो बार आमना-सामना हुआ है और दोनों ही मौकों पर टीएन ने जीत का स्वाद चखा है। इस साल इंडियन वेल्स के दूसरे दौर में भी टीएन ने शेलटन को पराजित किया था।
टीएन ने अपने क्वार्टर फाइनल मैच में डेनियल मेरिडा को 6-3, 6-2 से मात देकर अपने करियर में पहली बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। बीस वर्षीय टीएन ने यह मुकाबला मात्र एक घंटे और 12 मिनट के अल्प समय में ही अपने नाम कर लिया।
टीएन ने इस साल के ऑस्ट्रेलियन ओपन में अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्होंने इंडियन वेल्स में पहली बार मास्टर्स क्वार्टर फाइनल का सफर तय किया और जिनेवा में अपने करियर का पहला क्ले कोर्ट खिताब भी अपने नाम करने में सफलता हासिल की।
शेलटन के खिलाफ होने वाले आगामी मुकाबले को लेकर टीएन ने कहा कि बेन किसी भी तरह की विषम परिस्थिति में क्यों न हों, वे हमेशा बेहतरीन सर्विस करते हैं। वे बेसलाइन से बहुत तेजी से शॉट लगाते हैं। इस समय वे गजब के आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतर रहे हैं। मैंने उन्हें पहले भी खेलते हुए करीब से देखा है और वे वाकई बेहद उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं।















