धेमाजी, 12 अगस्त।
असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा से लगे गोहपुर के राजगढ़ में गोगमुख गोलीबारी की घटना के विरोध में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने अरुणाचल प्रदेश जाने वाले सड़क मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। यह विरोध धेमाजी जिले के मिंगमांग बदाती इलाके में अरुणाचल प्रदेश के लोगों द्वारा कथित गोलीबारी के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन का आयोजन ट्राइबल माइग्रेंट्स प्रोटेक्शन कमिटी और कई स्थानीय संगठनों ने मिलकर किया। प्रदर्शनकारियों ने दो दिन पहले हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने नारे लगाए और हाथों में तख्तियां लेकर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी सजा की मांग रखी।
घटना के बाद धेमाजी में बंद की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय लोगों और संगठनों ने सीमा क्षेत्र में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
प्रदर्शनकारियों ने असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। उनका कहना है कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था जरूरी है।
बताया गया है कि हाल की गोलीबारी में असम के करीब 11 लोग घायल हुए थे। सभी का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घटना के बाद दोनों राज्यों की सरकारें एक-दूसरे के संपर्क में हैं और मामले की जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।















