भोपाल, 12 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोपाल के बड़े तालाब में 13 अगस्त को भव्य नौका तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में यात्रा सुबह 11 बजे बोट क्लब से शुरू होगी। सैकड़ों नावों पर तिरंगे के साथ हजारों नागरिक इसमें शामिल होंगे।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि यात्रा के दौरान बड़े तालाब का जल क्षेत्र तिरंगे की छटा से सराबोर नजर आएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल की प्राकृतिक खूबसूरती के बीच होने वाला यह आयोजन शहर के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारियों के साथ बोट क्लब तथा बड़े तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, नाव संचालन, गोताखोरों और एसडीआरएफ की तैनाती, पार्किंग तथा साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
यात्रा में अलग-अलग नावों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रतिभागी शामिल होंगे। युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी। सैकड़ों तिरंगा सजी नावों का जल क्षेत्र में एक साथ दिखाई देना आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा।
तालाब के बीच बनेगा फ्लोटिंग तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर बड़े तालाब में एक अनूठा दृश्य देखने को मिलेगा। आयोजन के दौरान नावों की विशेष संरचना तैयार कर तालाब के बीच विशाल तिरंगे का स्वरूप प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह देश में पहली बार तालाब के बीच इस तरह का फ्लोटिंग तिरंगा तैयार करने का प्रयास है।
मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यात्रा का उद्देश्य तिरंगे के सम्मान, देशभक्ति, एकता और राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करना है।















