भोपाल, 12 अगस्त।
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में बुधवार से एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान शुरू किया गया। यह अभियान 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में चलेगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को एचआईवी की जांच, उपचार और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि समय पर एचआईवी जांच और उपचार से संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से बिना झिझक जांच कराने और संक्रमित व्यक्तियों से एआरटी उपचार लेने की अपील की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के पहले तीन महीनों में एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस-बी की जांच कराने पर भी जोर दिया।
कमला नगर सिविल डिस्पेंसरी में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि युवाओं की भूमिका एचआईवी की रोकथाम और नियंत्रण में महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से ब्रेकफ्री इंडिया पोर्टल के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के जोखिम का आकलन करने और जरूरी जानकारी हासिल करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों, सघन शहरी बस्तियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम सभाओं और ग्राम स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके जरिए लोगों को एचआईवी से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने और समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदेश की जनता, विभिन्न संस्थाओं और संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।















