बलोचिस्तान, 12 अगस्त।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान के कुछ इलाकों में बुधवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.8 मापी गई। फिलहाल किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के अनुसार, भूकंप 15 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके झटके झोब और चमन में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र झोब से 122 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में बताया गया है।
बलोचिस्तान के इन इलाकों में पहले भी तेज भूकंप आ चुके हैं। 7 अक्टूबर 2021 को झोब और चमन में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया था। इसका केंद्र हरनाई के पास 15 किलोमीटर की गहराई में था और यह सुबह करीब 3:20 बजे आया था।
उस समय कई इमारतें ढह गई थीं। हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद कई दिनों तक भूकंप के झटके आते रहे और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल तथा सेना को तैनात किया गया था।
मार्च 2024 में भी चमन में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया था। यह सुबह करीब 5:35 बजे आया और इसका केंद्र क्वेटा से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। इसके झटके किला अब्दुल्ला, नोशकी, पिशिन, डलबंदिन, चगाई और क्वेटा में भी महसूस किए गए थे।















