इस्लामाबाद, 12 अगस्त।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केच जिले के बलिदा सुरप इलाके में मंगलवार देर शाम अज्ञात बंदूकधारियों ने एक घर को निशाना बनाया। हमले में मुस्लिम जयंद समेत कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। बाद में गंभीर रूप से घायल मुस्लिम जयंद की मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हमले के दौरान तेज धमाके के साथ गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। हथियारबंद हमलावरों ने मुस्लिम जयंद के घर को निशाना बनाया, जहां कई लोग मौजूद थे। गोलीबारी में मुस्लिम जयंद और तीन अन्य लोग घायल हुए थे।
मुस्लिम जयंद के बारे में बताया गया है कि वह पहले एक बलोच सशस्त्र संगठन से जुड़ा था और बाद में उसने आत्मसमर्पण कर दिया था। सूत्रों का दावा है कि वह फिलहाल पाकिस्तान के एक स्थानीय हथियारबंद समूह का नेतृत्व कर रहा था। घटना की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है।
एक अन्य घटनाक्रम में कराची और खुजदार से दो लोगों के कथित तौर पर जबरन लापता होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, क्वेटा के जबल नूर बाईपास से 40 वर्षीय दुकानदार आसिफ अली को 1 अगस्त की शाम चार बजे उठाया गया था।
इसके अलावा खुजदार के बागबाना इलाके के 19 वर्षीय दुकानदार असलम बलोच को 13 जुलाई को कराची के यूसुफ गोथ बस टर्मिनल से कथित तौर पर उठा लिया गया। दोनों के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
इस बीच अब्दुल मजीद को कराची के मलिर-15 इलाके से बरामद कर लिया गया है। उसे 29 जुलाई को इसी स्थान से कथित तौर पर जबरन गायब किया गया था।















