लेबनान, 12 अगस्त।
लेबनान की संसद ने आज मृत्युदंड समाप्त करने के पक्ष में मतदान किया। इसके साथ ही लेबनान अरब जगत का पहला देश बन गया है, जहां मृत्युदंड की सजा को समाप्त कर उम्रकैद और कठोर श्रम की सजा का प्रावधान किया गया है। 128 सदस्यीय संसद में बहुमत ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। हिजबुल्ला के संसदीय गुट ने इसका विरोध किया।
संसद में मौजूद न्याय मंत्री अदेल नासर ने इसे देश के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। मृत्युदंड को कानूनी रूप से खत्म करने या पहले से लागू रोक को औपचारिक रूप देने की मांग कर रहे मानवाधिकार संगठनों ने भी मतदान का स्वागत किया है।
लेबनान में यह फैसला ऐसे समय हुआ है, जब संसद एक विवादित सामान्य माफी कानून पर चर्चा कर रही है। यह कानून 1990 में समाप्त हुए 15 साल लंबे गृहयुद्ध के बाद सबसे बड़ा माफी कानून माना जा रहा है। इसके तहत कुछ अपवादों को छोड़कर दोषी ठहराए गए उग्रवादियों और मादक पदार्थों के कारोबारियों की सजा कम होने या उनकी रिहाई का रास्ता खुल सकता है।















