बलिया, 12 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक क्लीनिक संचालिका का खून से सना शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। महिला के परिजनों ने उसके भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर तीन टीमों को लगाया गया है।
गड़वार मोड़ पर बसपा नेता सियाराम की पत्नी 35 वर्षीय कंचन डिस्पेंसरी संचालित करती थीं। मंगलवार शाम वह अपने भतीजे के साथ डिस्पेंसरी में थीं। काफी समय बीतने के बाद भी कंचन घर नहीं लौटीं तो उनके पति सियाराम ने रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें फोन किया। कई बार संपर्क करने के प्रयास के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सियाराम डिस्पेंसरी पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अंदर कंचन का रक्तरंजित शव पड़ा मिला।
मामले की जानकारी मिलते ही नगरा पुलिस और सीओ रसड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मौके की जांच शुरू की। देर रात पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी ली और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश शुक्ल ने बताया कि महिला का रक्तरंजित शव डिस्पेंसरी में मिला है। परिजनों की ओर से उसके भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।














