भोपाल, 12 अगस्त।
पुराने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। मोती मस्जिद के सामने लगाए गए बैरिकेड्स पुलिस ने हटा दिए हैं। अब इस मार्ग से दोपहिया वाहन गुजर सकेंगे, हालांकि चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेगा।
व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद सांसद आलोक शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ बैठक की थी। इतवारा, चौक और मंगलवारा क्षेत्र के व्यापारियों ने बैरिकेड्स के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने और कारोबार में आ रही परेशानी का मुद्दा उठाया था।
व्यापारियों का कहना था कि सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स के कारण बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो गया था। इससे ग्राहकों की संख्या में कमी आने के साथ कारोबार भी प्रभावित हो रहा था। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए रास्ता खोलने की मांग की थी।
बैठक के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मोती मस्जिद के सामने से बैरिकेड्स हटाकर दोपहिया वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया। क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और अतिरिक्त पुलिस बल के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल केवल दोपहिया वाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई है। चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी और स्थिति सामान्य रहने पर आगे यातायात में और छूट देने पर विचार किया जा सकता है।
बैरिकेड्स हटने के बाद व्यापारियों ने सांसद आलोक शर्मा और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। व्यापारियों के अनुसार, करीब तीन साल से रास्ता खोलने की मांग की जा रही थी। उनका मानना है कि दोपहिया वाहनों की आवाजाही शुरू होने से ग्राहक सीधे दुकानों तक पहुंच सकेंगे और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
एडीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, सुरक्षा और व्यापार दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोला गया है। व्यवस्था सामान्य रहने पर भविष्य में यातायात को लेकर और राहत दी जा सकती है।















