भोपाल, 12 अगस्त।
सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की मांग को लेकर राजधानी में बैंककर्मियों का प्रदर्शन हुआ। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बड़ी संख्या में कर्मचारी अरेरा हिल्स स्थित पंजाब नेशनल बैंक के जोनल कार्यालय के सामने एकत्र हुए और नारेबाजी की। इसके बाद सभा आयोजित की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांग पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है।
बैंककर्मियों का कहना है कि बैंकिंग कामकाज और डिजिटल सेवाओं में लगातार बदलाव के बावजूद पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू नहीं हुआ है। कर्मचारियों के अनुसार वर्ष 2015 में सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच सहमति के बाद दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। बाकी शनिवार को कार्यदिवस रखा गया था।
2024 के समझौते को लागू करने की मांग
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी। इसके तहत ग्राहकों के लिए बैंकिंग कारोबार के समय में रोज 40 मिनट की बढ़ोतरी और इसके बदले बाकी शनिवार को अवकाश देने का प्रस्ताव था। यूनियन का कहना है कि इससे ग्राहकों के लिए बैंकिंग कारोबार के कुल समय में कमी नहीं होगी और कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन अवकाश मिल सकेगा।
दो साल से अधिक समय से लंबित है प्रस्ताव
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह का प्रस्ताव मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय भेजा गया था, लेकिन दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी इस पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। यूनियन नेताओं ने कहा कि कई बार मांग उठाने के बावजूद फैसला नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। इसी मांग को लेकर यूएफबीयू ने इस वर्ष 27 जनवरी को बैंक हड़ताल भी की थी।
प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा में बैंक यूनियनों के कई पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित किया। बैंककर्मियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांग पर जल्द निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।















