मुंबई, 12 अगस्त।
करण जौहर के रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स इंडिया सीजन-2' के शुरू होने से पहले ही अभिनेत्री मल्लिका शेरावत का एक बयान सुर्खियों में आ गया है। शो में प्रतियोगी के रूप में नजर आने वाली मल्लिका ने एक एपिसोड में हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज के साथ कथित नजदीकियों को लेकर ऐसा दावा किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अभिनेत्री ने संकेत दिया कि टॉम क्रूज उन्हें पसंद करते हैं और निजी तौर पर संदेश भी भेजते हैं।
शो के दौरान प्रतियोगी आदित्य कुलश्रेष्ठ ने मल्लिका से सवाल किया कि क्या उन्हें कभी किसी पर आकर्षण हुआ है या फिर हर किसी को उन्हीं पर आकर्षण रहा है। इस पर मल्लिका शेरावत ने दावा किया कि हर किसी को उन पर आकर्षण रहा है और हाल ही में टॉम क्रूज को भी उन पर क्रश हुआ है। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में झूठ नहीं बोल रही हैं। मल्लिका ने यह भी कहा कि अगर उनके पास फोन होता तो वह अभिनेता के भेजे वीडियो सभी को दिखा सकती थीं।
इसके बाद जब मल्लिका से पूछा गया कि टॉम उन्हें किस तरह के वीडियो भेजते हैं, तो उन्होंने साथ में पार्टी करने का जिक्र किया। अभिनेत्री ने इन पार्टियों को बेहद शानदार बताया। उनके इस दावे के बाद शो में मौजूद लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया।
हालांकि, टॉम क्रूज या उनकी टीम की ओर से मल्लिका शेरावत के इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऐसे में अभिनेत्री की ओर से कही गई यह बात फिलहाल चर्चा में बनी हुई है। इस पूरे मामले पर टॉम क्रूज की तरफ से किसी प्रतिक्रिया का सामने न आना भी इसे लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है।
'द ट्रेटर्स इंडिया-2' की बात करें तो इसका प्रीमियर 13 अगस्त से होने जा रहा है। करण जौहर इस सीजन की मेजबानी करेंगे और मल्लिका शेरावत के साथ कई चर्चित हस्तियां भी प्रतियोगी के तौर पर दिखाई देंगी। शो के नए एपिसोड हर गुरुवार को अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित किए जाएंगे।















