औरैया, 12 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में भीखेपुर-जुआ मार्ग पर बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, अजीतमल पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाश ने घिरने के बाद पुलिस दल पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गौकशी के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी क्षेत्र में मौजूद है और वहां से निकलने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर अजीतमल कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम ने भीखेपुर-जुआ मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम को बाइक से एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। उसे रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने बाइक रोकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया। कुछ दूरी पर उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस टीम से घिरने के बाद आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।
अजीतमल के सीओ मनोज गंगवार के अनुसार, आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली थाना प्रभारी की पुलिस जीप में जा लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान वारिस उर्फ राजा निवासी अजीतमल, औरैया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर उसके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अब उसके अन्य मामलों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।















